जमशेदपुर: मानगो के समता नगर में पिछले एक सप्ताह से नाली जाम होने से स्थिति नरकीय बनी हुई है। नाली का गंदा पानी सड़कों पर धार की तरह बह रहा है, जिससे लोगों का आवागमन लगभग ठप हो गया है। बदबू और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार मानगो नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद सफाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि सफाई के नाम पर ठेकेदार सिर्फ खानापूर्ति करते हैं और पूरे मोहल्ले में कचरे व गंदगी का ढेर जमा है। बदबू से हालात इतने खराब हैं कि लोग घर छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं।
विकास सिंह पहुंचे मौके पर, उपायुक्त से की शिकायत
समस्या बढ़ती देख लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाया। मौके का जायजा लेने के बाद उन्होंने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए उपायुक्त करण सत्यार्थी को शिकायत भेजी। उन्होंने कहा, “मानगो पूरी तरह गंदगी के आगोश में है। नगर निगम के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जनता की समस्याओं से उन्हें कोई मतलब नहीं।”
विकास सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो मानगो नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
मौके पर मिथलेश यादव, बिगन गुप्ता, अजीत शर्मा, विजय ठाकुर, संदीप शर्मा, शंकर सिंह, धनंजय पांडेय, मुना गुप्ता सहित कई स्थानीय निवासी मौजूद थे।