जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार रात ओड़िया क्लब के पास छिनतई और हमले की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। दास बस्ती निवासी राज दास पर बदमाशों ने उस समय हमला किया जब वह रात करीब 10 बजे ड्यूटी से लौट रहे थे। राज दास के अनुसार, नशे में धुत कुछ युवकों ने उन्हें रोककर छिनतई का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने चापड़ से हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख राज अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर राज के दोस्त मौके पर पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने उनमें से संदीप पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। घायल संदीप को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरों से भी हमला किया। पत्थरबाजी में राज की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद राज दास और उनके साथी तुरंत बर्मामाइंस थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। राज और संदीप ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इधर, ओड़िया क्लब के पास हुई इस घटना को लेकर दास बस्ती के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में शराबी भाई की टांगी से वार कर हत्या, आरोपी छोटा भाई गिरफ्तार