जमशेदपुर : अलीडीह ओपी क्षेत्र में दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। संकोसाई स्थित रामनगर निवासी राजा बनर्जी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना टावर मैदान के पास की बताई जा रही है, जहां चार दोस्त आपस में बैठकर शराब पी रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार राजा बनर्जी, राजू सिंह, बापी और केदार टावर मैदान में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर राजा बनर्जी और राजू सिंह के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और राजू सिंह ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया। आरोप है कि उसने राजा बनर्जी के पेट और चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी राजू सिंह मौके से फरार हो गया। इधर, आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजा बनर्जी को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी केदार ने बताया कि राजू सिंह हाल ही में 3 मार्च को जेल से छूटकर बाहर आया है। वह बाइक चोरी के मामले में पहले जेल गया था। जेल से छूटने के बाद वह फिर से अपने दोस्तों के साथ घूम रहा था।
इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। उलीडीह थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी में दो मोहल्ला में पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प, दुकानों में तोड़फोड़, पुलिस बल तैनात