जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को से रामाधीन बागान ग्वाला बस्ती जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। छठ घाट के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में लगी भीषण आग ने वहां खड़ी एक ‘वोल्टास’ क्रेन को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि समय रहते सूचना मिलने और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से क्रेन को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, छठ घाट के पास सूखी झाड़ियों में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। चिलचिलाती धूप और तेज गर्म हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए सड़क किनारे खड़ी वोल्टास कंपनी की क्रेन तक पहुंच गईं और उसके टायरों को अपनी चपेट में लेने लगीं। मुख्य सड़क पर धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक जागरूक राहगीर की नजर आग पर पड़ी। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए तुरंत टाटा मोटर्स के कंट्रोल रूम को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सूचना देने में थोड़ी भी देरी होती, तो क्रेन पूरी तरह जलकर खाक हो सकती थी और आसपास खड़े अन्य वाहनों तथा संपत्तियों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स की फायर ब्रिगेड टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि आग को क्रेन के इंजन और अन्य संवेदनशील हिस्सों तक पहुंचने से पहले ही बुझा दिया गया, जिससे एक बड़ी आर्थिक क्षति टल गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई रेलवे फाटक गोलचक्कर पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर अवैध देसी शराब जब्त
There is no ads to display, Please add some



















































