Jamshedpur : बिरसानगर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते तीन युवक गिरफ्तार, 5.07 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

सृष्टि गार्डेन के पास पुलिस ने चलाया छापेमारी अभियान, गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी चोरी और ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में जा चुके हैं जेल

जमशेदपुर : त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पिछले कुछ सप्ताह से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। गठित टीम वरीय अधिकारियों के निर्देशन में लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसी अभियान के तहत 22 अक्टूबर 2026 की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-3 में सृष्टि गार्डेन के आसपास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कथित रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन मुंडा उर्फ गुंडा, विकास दास और आकाश दास के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुल 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया है।

आदित्यपुर से मादक पदार्थ लाने की बात स्वीकारने का दावा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान रोशन मुंडा ने आदित्यपुर से ब्राउन शुगर खरीदकर लाने और बिरसानगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में इसकी बिक्री करने की जानकारी दी। पुलिस अब इस मामले में मादक पदार्थों की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर सकती है।

इस मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 71/2026, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी तथा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से संबंधित मामलों में जेल जा चुके हैं। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जमशेदपुर पुलिस का उद्देश्य शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बीडीओ से मिले पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय लोग, सौंपा मांग पत्र, बागबेड़ा कॉलोनी में शुक्रवार से नियमित होगा कचरा उठाव


There is no ads to display, Please add some
Spread the love

Related Posts

Jamshedpur  : 301 नगाड़ों की गूंज के साथ शुरू हुआ ‘संवाद-2026’, 23 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 2500 जनजातीय कलाकारों का जुटान

गोपाल मैदान में टाटा स्टील फाउंडेशन के 13वें राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन का शुभारंभ जावा के अनावरण के साथ शुरू हुआ पांच दिवसीय आयोजन आदिवासी कला, संस्कृति, परंपरा और पारंपरिक ज्ञान…

Spread the love

Jamshedpur : महाकाल बॉयज क्लब ने छठ महापर्व पर लगाया सेवा शिविर, व्रतियों की सेवा कर निभाया सेवा धर्म

जमशेदपुर : छठ महापर्व के पावन अवसर पर महाकाल बॉयज क्लब, भुइयांडीह के सदस्यों ने ‘सेवा परमो धर्मः’ को सार्थक करते हुए छठ व्रतियों एवं आमजन के लिए भुइयांडीह गोल…

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share this Page

Slide-In Box help you to share the page on the perfect time