जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री की बेल पहाड़ी में सभा
झाड़ग्राम : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी स्थित साहाड़ी फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनजातीय समुदाय के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने आदिवासियों के भूमि अधिकार से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, आवास और रोजगार तक के मुद्दों पर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनभूमि पर अधिकार की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे राज्य के 770 लोगों को जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया गया है। इसके अलावा राज्यभर में 8 हजार मांझी बाबाओं को सम्मानित करने की पहल की गई है।
पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने फर्जी अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाणपत्र जारी किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में फर्जी एसटी प्रमाणपत्र जारी करने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
आदिवासी विद्यार्थियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने छात्रावास अनुदान और छात्रवृत्ति की राशि बढ़ाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षाश्री योजना का लाभ भी अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही एनआरएस मेडिकल कॉलेज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना का भी उल्लेख किया।
खाद्य सुरक्षा के तहत सबर समुदाय को भी विशेष सुविधा देने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब सबर समुदाय के लोगों को लोढ़ा, बिरहोर और टोटो जनजातियों की तरह नियमित राशन के अतिरिक्त विशेष खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
झाड़ग्राम जिले में आवास की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने भरोसा दिया कि जिले में किसी भी परिवार को टीन, खपरैल या कच्चे मकान में रहने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने झाड़ग्राम में आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना के साथ जिले के अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की बात भी कही।
वहीं, लोक प्रसार योजना के तहत भत्ता नहीं पाने वाले लोक कलाकारों को भी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कलाकारों की सूची तैयार की जाएगी और आगामी बजट में इसके लिए धनराशि आवंटित कर भत्ते में वृद्धि की जाएगी।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उनकी है।
साहाड़ी की जनसभा में मुख्यमंत्री की घोषणाओं में जनजातीय समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई।
इसे भी पढ़ें : Muri : हटिया में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनी धरती आबा बिरसा मुंडा जयंती, अगले साल भव्य आयोजन का लिया गया निर्णय
There is no ads to display, Please add some


















































