सरयू राय ने उपायुक्त और जुस्को महाप्रबंधक से की बात, कहा जिन घरों में कनेक्शन है, वहां भी नहीं आ रहा पानी
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से शुक्रवार को उनके बिष्टुपुर स्थित आवास पर जमशेदपुर पूर्वी के जोजोबेड़ा क्षेत्र के दर्जन भर लोग मिले और इलाके में पानी की समस्या के बारे में बात की। विधायक सरयू राय ने इन लोगों की बातों को गौर से सुनने के बाद पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और जुस्को के महाप्रबंधक संजीव झा से फोन पर बात की और उनसे आग्रह किया कि लोगों की पानी की समस्या दूर की जाए।
गौरतलब है कि जमशेदपुर पूर्वी का विधायक रहते हुए सरयू राय ने जोजोबेड़ा क्षेत्र में जुस्को पर दबाव बनवाकर पाइपलाइन बिछवाया था। वहां के लोगों को पानी के कनेक्शन के लिए फार्म का वितरण भी करवाया गया। लोगों ने फार्म भरा भी। कई लोगों के घरों में पानी का कनेक्शन हो भी गया लेकिन अधिकांश घर बिना कनेक्शन के हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद जुस्को भी शिथिल पड़ गया। नतीजा यह हुआ कि कनेक्शन होने के बावजूद लोगों के घरों में पानी नहीं आ रहा है। खास जोजोबेड़ा बस्ती में पेयजल की किल्लत बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
जोजोबेड़ा से आए दीपक कुमार, गीता देवी, मनोज राम, उर्मिला देवी, छोटेलाल कामत, सूरज कुमार, पवन सिंह, सविता देवी, रोहित कामत, सागर सिंह, रजनीश सिंह, कमलेश सिंह, दीपक शर्मा और महादेव कामत ने श्री राय को एक मांग पत्र सौंपा और आग्रह किया कि जैसे आपने पाइपलाइन बिछवाने का काम किया था, वैसे ही अब पानी भी दिलवा दें। इस पर श्री राय ने उपायुक्त और जुस्को के महाप्रबंधक से फोन पर बात कर तत्काल जलापूर्ति करवाने का आग्रह किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिरसानगर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 90 एटीएम कार्ड और 50 मोबाइल फोन बरामद, आधा दर्जन युवक गिरफ्तार
There is no ads to display, Please add some

















































