जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि 19 सितंबर से 25 अक्टूबर तक अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 हाइवा, एक ट्रैक्टर, एक ट्रक, एक टाटा 407 एवं एक टाटा ace सहित कुल 14 वाहनों को जब्त किया गया। इस दौरान 520.8 टन बालू तथा 260 टन पत्थर भी जब्त किए गए। बैठक में जिले में बालू के भंडारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में पंजीकृत बालू डीलरों के स्टॉक में कुल 9,68,905.52 टन बालू उपलब्ध है। इनमें गुड़ाबांदा प्रखंड के सात, बहरागोड़ा प्रखंड के दो तथा धालभूमगढ़ प्रखंड के एक डीलर शामिल हैं।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बालू एवं अन्य खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर सतत निगरानी रखी जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान चलाएं तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने खनिजों के वैध भंडारण एवं परिवहन से संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एडीएम (विधि-व्यवस्था), जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, जिला खनन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।
There is no ads to display, Please add some


















































