जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईसीसी क्लब के पास स्थित काली मंदिर में वेल्डिंग का काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कदमा मंदिर पथ निवासी छोटू ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
काम के दौरान अचानक हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटू ठाकुर सुबह करीब 10 बजे अपने एक हेल्पर के साथ मंदिर में वेल्डिंग करने पहुंचा था। यह काम रंजीत सरकार नामक व्यक्ति के कहने पर किया जा रहा था। छोटू ने पोल पर चढ़ने से पहले रंजीत से पूछा कि क्या बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। रंजीत ने आश्वस्त किया कि लाइन बंद है। इसी भरोसे छोटू ने काम शुरू किया, लेकिन कुछ ही सेकंड में तेज करंट की चपेट में आ गया और पोल से चिपक गया।
स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए किसी तरह छोटू को नीचे उतारा और तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सपना ठाकुर ने कदमा थाना में ठेकेदार रंजीत सरकार के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत (धारा 304A) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बिजली कनेक्शन और सुरक्षा उपायों की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रंजीत सरकार से पूछताछ जारी है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: मकान मालिक के बाहर रहने का मिला मौका – घर में दिनदहाड़े चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात