जमशेदपुर: शहर में अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिष्टुपुर थाना पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर चोरी और छिनतई करने वाले दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में हरहरगुटु, बरौदाघाट बागबेड़ा निवासी अंकित यादव (19) और बलदेव बस्ती, जुगसलाई निवासी सागरनाथ (20) शामिल हैं। यह कार्रवाई 26 अक्टूबर की रात 10:45 बजे हुई, जब जेआरडी टाटा मेन गेट के पास मोदी पार्क के पीछे रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने दोनों युवकों को दो अलग-अलग स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलों के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ा।
![]()
इनमें से एक बाइक ग्रे-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थी, जबकि दूसरी पर जेएच 05 बीएम 5662 नंबर दर्ज था। जांच और दस्तावेज़ सत्यापन के बाद यह पुष्टि हुई कि दोनों बाइकें चोरी की हुई थीं।
बिष्टुपुर पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि शहर में बिना नंबर प्लेट वाली बाइकें चोरी और छिनतई में इस्तेमाल हो रही हैं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पु. उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम गठित की गई। टीम ने पूरे शहर में सख्त एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप यह सफलता मिली।
दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें :
Saraikela: छठ पूजा में बड़ा हादसा, अवैध बालू उत्खनन के कारण बने गड्ढों में तीन डूबे