गोरखपुर: गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्रवार रात को अपने निजी मोबाइल नंबर पर लगातार धमकी भरे कॉल प्राप्त हुए। कॉल में न केवल अपशब्द कहे गए, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था और परिवार को लेकर भी अभद्र बातें की गईं। रवि किशन ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि धमकियों के पीछे “एंटी-सनातन ताकतें” हैं, जो हिंदू संस्कृति और राष्ट्रवादी सोच के खिलाफ काम कर रही हैं।
रवि किशन ने कहा कि ये धमकियां बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़ी राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि विपक्षी पार्टियों ने यह समझ लिया है कि जनता अब उनके झांसे में नहीं आएगी, इसलिए डर और हताशा फैलाने की राजनीति की जा रही है। रवि किशन ने कहा, “हमें कहा गया कि अगर बिहार गए तो जान से मार देंगे, लेकिन मैं जनता से मिलूंगा और सच बोलूंगा। मैं डरने वाला नहीं हूं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेना के सिपाही हैं।”
रामगढ़ ताल थाना में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार कॉल अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई थी। गोरखपुर एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने कहा कि कॉल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 302, 351(3) और 352 के तहत दर्ज किया गया। शिकायत सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी द्वारा दर्ज कराई गई। कॉल वर्चुअल आईडी से की गई थी और संभवत: किसी अन्य राज्य से आई। मामले में साइबर सेल की टीम भी शामिल की गई है।
रवि किशन ने इस घटना को केवल अपनी सुरक्षा का मामला नहीं बताया, बल्कि इसे धर्म और विचारधारा पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा, “एंटी-सनातन सोच वाले धमकाकर किसी की आवाज़ दबाना चाहते हैं, लेकिन वे भूल गए कि मैं कलाकार और कर्मयोगी दोनों हूं। मैं हमेशा धर्म और देश की रक्षा के लिए खड़ा रहूंगा।”
गोरखपुर में उनके समर्थकों ने भी धमकी के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमला सनातन संस्कृति और हिंदू मान्यता पर हमला है। रवि किशन ने अंत में कहा, “यह लड़ाई केवल मेरी नहीं है, यह उन हर व्यक्ति की है जो धर्म, संस्कृति और सच्चाई के लिए आवाज़ उठाता है।”