पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भोजपुरी सिंगर-एक्टर खेसारी लाल यादव आरजेडी की तरफ से छपरा से मैदान में हैं। चुनावी दौड़ में खेसारी लगातार सरकार और विकास पर सवाल उठा रहे हैं।
इसी पर भाजपा के सदस्य और सिंगर-एक्टर पवन सिंह ने पलटवार किया। पटना में मीडिया से बात करते हुए पवन सिंह ने कहा, “आप 15 साल पहले का बिहार और अब का बिहार देख लीजिए। फर्क है कि नहीं? आपको विकास क्या होता है, यह जरूर दिख जाएगा।”
चुनाव प्रचार में भूमिका पर क्या बोले पवन सिंह
जब पवन सिंह से पूछा गया कि क्या वे खेसारी के खिलाफ भाजपा के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे, तो उन्होंने कहा, “यह सब पार्टी तय करेगी। पार्टी जो आदेश देगी, वैसा करेंगे।” साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘बिहारी कहलाना गर्व की बात है’ वाले बयान पर पवन सिंह ने भी सहमति जताई।
छपरा सीट पर नजरें
खेसारी लाल यादव सारण जिले की छपरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यह वही सीट है, जहां से लालू यादव ने राजनीति की शुरुआत की थी और ‘पिछड़ों के सामाजिक न्याय’ का नारा दिया था।
हालांकि पिछले करीब दो दशक से यह सीट बीजेपी के कब्जे में है, लेकिन आरजेडी खेसारी के जरिए इसे वापस पाने की कोशिश में है। वहीं बीजेपी भी अपनी सीट को इस बार मजबूत बनाए रखने पर जोर दे रही है।