रांची: झारखंड के रांची जिले में 18 साल की एक लड़की से सामूहिक बलात्कार के आरोप में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने मंगलवार (7 अक्टूबर) को तमाड़ थाने में अपने साथ हुई हैवानियत की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके रिश्ते के भाई ने उसे जानबूझकर फंसाया।
थाने के प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी के अनुसार, यह घटना 30 सितंबर को हुई। पीड़िता ने बताया कि उसके रिश्तेदार ने उसे मर्दन मोड़ स्थित दशहरा मेले में बुलाया। वहां दो लोग उसके पास आए और उनमें से एक ने उसका बलात्कार किया। इसके बाद वे पीड़िता को सोना टुंगरी रुगड़ी ले गए, जहां दो अन्य लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। वहां से उसे बुंडू ले जाया गया, जहां तीन और लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। अंत में उसे रांची ले जाकर एक और व्यक्ति ने बलात्कार किया और फिर मर्दन मोड़ पर छोड़ दिया।
प्रवीण कुमार मोदी ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनमें से चार की पहचान हो गई है, जबकि तीन अब भी अज्ञात हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पीड़िता की मेडिकल जांच बुधवार को कराई जाएगी, ताकि वारदात की पुष्टि हो सके और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज हो।