रांची: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में 19 एवं 20 मई को दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यशाला में झारखंड से बीएलओ, वालेंटियर और बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) के सदस्य सहित कुल 402 प्रतिभागी भाग लेंगे. यह टीम 16 और 17 मई को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी.
व्यवस्थाओं का लिया गया समग्र जायजा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कार्यशाला के लिए चयनित टीम की तैयारियों का ऑनलाइन माध्यम से जायजा लिया. उन्होंने सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों और प्रतिभागियों के साथ बैठक कर यात्रा, आवास और भोजन सहित समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिभागी अपने पहचान पत्र साथ रखें और समन्वय हेतु नियुक्त लाइजनिंग अधिकारियों के संपर्क में बने रहें.
कार्यशाला में क्या होगा विशेष?
19 मई को होने वाले प्रथम दिन के सत्र में योगाभ्यास, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ संवाद, चुनाव प्रक्रिया पर रोल प्ले, राष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा विभिन्न स्टेकहोल्डरों द्वारा अनुभव साझा किए जाएंगे.
दूसरे दिन 20 मई को प्रतिभागियों को नई दिल्ली के प्रमुख संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा. इसके लिए 9 बसों की व्यवस्था की गई है. IIIDEM परिसर में प्रतिभागियों के आवासन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है. प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा.
झारखंड के अनुभव बनेंगे राष्ट्रीय उदाहरण
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने राज्य के बीएलओ और वालेंटियर के कार्यों की सराहना की थी. उनके निर्देशानुसार IIIDEM कार्यशाला में झारखंड के अनुभवों को साझा किया जाएगा. इन अनुभवों का विधिवत डॉक्यूमेंटेशन किया जाएगा ताकि अन्य राज्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उनका उपयोग हो सके.
वरिष्ठ अधिकारियों की सहभागिता
इस अवसर पर उपायुक्त पलामू शशि रंजन, उपायुक्त धनबाद माधवी मिश्रा, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह उप सचिव देव दास दत्ता तथा सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित रहे. साथ ही झारखंड के सभी नामित बीएलओ, वालेंटियर एवं BAG प्रतिनिधि भी इस कार्यशाला में भाग लेने के लिए चयनित हुए हैं.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: उत्पाद मंत्री योगेंद्र महतो की अचानक बिगड़ी तबीयत, पारस अस्पताल में भर्ती