जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार ड़ोबो गांव स्थित पुल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. आशंका जताई जा रही है कि वाहन के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां हल्का मोड़ (टर्निंग प्वाइंट) है. स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रेलर तेज गति में था और मोड़ पर अचानक संतुलन खो बैठा, जिससे वह पुल के पास पलट गया. हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान प्रारंभ किया. पुलिस द्वारा क्रेन एवं अन्य संसाधनों की मदद से पलटे वाहन को हटाने की कोशिश की जा रही है, ताकि अंदर फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. उनका आरोप है कि सड़क संकरी है और मोड़ पर चेतावनी संकेतों की कमी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुधार, गति नियंत्रण संकेतक और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा ट्रेलर के मालिक और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पारडीह के गोल्डन लीफ रिसॉर्ट से धराया अपराधकर्मी मनीष सिंह, गुप्त सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा