बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत के नाकदोहा (गोप टोला) गांव में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरा टोला अंधेरे में डूबा हुआ है। इस समस्या ने जहां ग्रामीणों के रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित किया है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी रुक गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर खराब होने से शाम ढलते ही पूरा गांव घुप्प अंधेरे में डूब जाता है। छात्र-छात्राएं दीपक या मोबाइल की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद निराशाजनक है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बिजली ठप होने से गांव के दर्जनों घरों में पंखे और कूलर बंद हैं। उमस और गर्मी से छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब है। ग्रामीण बादल गोप, ठोगरु गोप, निखिल चंद्र गोप, शिवशंकर गोप, नंदन गोप, रविंद्र गोप और पंकज गोप ने बताया कि लोग पूरी रात जागकर गुजार रहे हैं। कई परिवार तो छत या आंगन में सोने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
गांववालों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाएगा ताकि गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो सके और बच्चों की पढ़ाई दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो।
इसे भी पढ़ें :