जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। कैनरा बैंक के पास स्थित कमिंस और टाटा मोटर्स के ठेकेदार एपी सिंह के ऑफिस में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपये की लूट की गई।
![]()
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन बाइक सवार अपराधी ऑफिस में घुसे और हवाई फायरिंग करते हुए वहां मौजूद दो कर्मचारियों से 10 लाख रुपये लूट लिए। यह रकम लेबर पेमेंट के लिए ऑफिस में रखी गई थी। घटना के बाद लुटेरे बाइक से फरार हो गए।
लूट के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी है।
![]()
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ऑफिस स्टाफ और स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अपराधियों को ऑफिस में पैसे की जानकारी पहले से थी।
दिनदहाड़े बैंक के पास इस तरह की लूट से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिरसानगर इलाके में हाल के दिनों में अपराध की घटनाएँ बढ़ी हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है।