गुवा: गुवा रेलवे साइडिंग में बीते रविवार की आधी रात एक बार फिर मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलकर्मी और अधिकारी तुरंत हड़बड़ी में आ गए। राहत और मरम्मत के लिए तकनीकी टीम देर रात ही मौके पर पहुंची और डिब्बे को पटरी पर वापस लगाने का काम शुरू किया। इस हादसे में किसी की जान चली नहीं गई, लेकिन मालगाड़ी के डिब्बे को नुकसान पहुंचा है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि शनिवार की रात को भी इसी रेलवे साइडिंग में सेल के बंकर के पास मालगाड़ी के चार डिब्बे बेपटरी हो गए थे। लगातार दो दिनों में हुई यह घटनाएं रेलवे और सेल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्थानीय लोग और मजदूर संगठन कहते हैं कि गुवा साइडिंग की रेललाइन काफी पुरानी है और इसकी नियमित देखरेख नहीं की जाती। गुवा साइडिंग और बंकर क्षेत्र की पटरी अभी भी ब्रिटिश काल की लाइन है, जिसे आज तक बदला नहीं गया।
स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि गुवा साइडिंग में लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए। उनका कहना है कि इससे भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी और भविष्य में इसी तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें :