जादूगोड़ा: जादूगोड़ा में यूसिल लेबर यूनियन के कार्यालय में हाल ही में कमिटी मेंबरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनियन उपाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने यूनियन के पुनर्गठन का संकेत दिया। इसके तहत मौजूदा महामंत्री बीरेबल सिंह को उनके पद से हटाया जाएगा और प्रेम सिंह यूनियन के अगले महामंत्री होंगे।
पिछले 10 वर्षों से यूसिल लेबर यूनियन के महामंत्री पद पर बने बीरेबल सिंह के विरोध में कमिटी मेंबरों ने बगावत की थी। इस विवाद को सुलझाने के लिए उपाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा जमशेदपुर से जादूगोड़ा पहुंचे और कमिटी मेंबरों से मुलाकात की।
बैठक में कमिटी मेंबरों ने सर्वसम्मति से यूनियन के पुनर्गठन का प्रस्ताव रखा। उपाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने इसे स्वीकार किया और कहा कि अगले एक सप्ताह के भीतर नई कमिटी की घोषणा कर दी जाएगी। इससे कमिटी मेंबर शांत हुए और विवाद शांतिपूर्वक सुलझा।
महेंद्र मिश्रा ने कहा, “बदलाव स्वाभाविक प्रक्रिया है। जो लोग चुने जाएंगे, वही नेता बनेंगे। यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय को कई कमिटी गठन की अधिकृत जिम्मेदारी दी गई है।”
बैठक के बाद यूनियन में माना जा रहा है कि महामंत्री बीरेबल सिंह के विरोध के बाद प्रेम सिंह को नया महामंत्री बनाया जाएगा, जिस पर कमिटी मेंबरों ने सहमति जताई।
बैठक में शामिल रहे: महामंत्री बीरेबल सिंह, प्रेम कुमार सिंह, बिनोद कुमार सिंह, लखन टुडू, लखन मार्डी, रोहित लुगुन, गुना गुईया, शशि भूषण मिश्रा, कुमोद कुमार।