जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 को लेकर सभी कोषांगों के वरीय, प्रभारी और सहायक प्रभारी पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों के पदाधिकारियों से कहा कि वे कार्ययोजना के अनुरूप “मिशन मोड” में काम शुरू करें। बैठक में क्रमवार निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, ईवीएम कोषांग, स्वीप कोषांग, सामग्री कोषांग, व्यय लेखा कोषांग, मतपत्र कोषांग, वाहन कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, सूचना एवं तकनीकी कोषांग, मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग, कंट्रोल रूम, प्रेक्षव कोषांग, पीडब्ल्यूडी कोषांग आदि की तैयारियों की समीक्षा की गई और क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और कर्मी अपने दायित्वों को पूरी तरह समझें और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करें। उन्होंने स्वीप कोषांग को विशेष रूप से मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया ताकि हर मतदाता अपने मताधिकार का सही उपयोग कर सके।
कोषांगों के विशेष निर्देश
- कार्मिक कोषांग: त्रुटिरहित कर्मियों की सूची तैयार करें।
- प्रशिक्षण कोषांग: अंतिम प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार कर समय पर प्रशिक्षण दें।
- ईवीएम कोषांग: प्रशिक्षण और डिस्पैच सेंटर के लिए ईवीएम उपलब्ध कराएं और एसओपी के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
- सामग्री और वाहन कोषांग: बूथों पर सभी सामग्री और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
- सोशल मीडिया और अन्य निगरानी: निर्वाचन कार्य की पारदर्शिता और सुचारू संपादन के लिए गहन निगरानी रखें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, डीटीओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, एलआरडीसी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस समेत अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: JDU नेताओं ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, सामने आईं कई समस्याएं