जमशेदपुर: छठ पर्व नजदीक आते ही घाटों की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर में सक्रियता बढ़ गई है। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का प्रतिनिधिमंडल शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचा। जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में जदयू प्रतिनिधिमंडल ने जेमको छठ घाट, मनिफिट ओड़िया बस्ती छठ घाट और प्रेमनगर छठ घाट का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई घाटों की स्थिति बेहद खराब है और अब तक प्रशासनिक तैयारी अधूरी है।
निरीक्षण के दौरान मकदम छठ घाट की स्थिति सबसे चिंताजनक पाई गई। हजारों लोगों की आबादी वाले इस इलाके में घाट पूरी तरह जर्जर हो चुका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिला प्रशासन और जेएनएसी को कई बार लिखित आवेदन देने के बावजूद मरम्मत और सफाई का काम नहीं हुआ है। इससे छठ पर्व के दौरान हादसे की आशंका बनी हुई है।
जदयू प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मकदम घाट समेत सभी प्रमुख छठ घाटों पर पर्व से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएँ की जाएँ। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएँ, संपूर्ण प्रकाश व्यवस्था और सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था, खतरनाक क्षेत्रों का चिन्हीकरण और गोताखोरों की तैनाती भी अनिवार्य की जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण दल में जदयू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा जिलाध्यक्ष निरज सिंह, मजदूर प्रतिनिधि अमित शर्मा सहित छठ घाट कमिटी के सदस्य हरि जी, सोनू झा, बिपिन, नवीन, पूछो, अमरेश, दीपक और दीपू उपस्थित थे। बड़ी संख्या में स्थानीय बस्तीवासियों ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ घाट की स्थिति देखी और अपनी समस्याएँ साझा कीं।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: जमशेदपुर जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 200 करोड़ की फर्जीवाड़ा का पर्दाफाश