जमशेदपुर: उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज लूट और हत्या कांड में बंगाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वर्ण व्यवसायी शंकर जाना (60) की हत्या और 15 किलो सोने की लूट के मामले में पुलिस ने जमशेदपुर से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के नाम चंदन मंडल और प्रिंस कुमार हैं। दोनों को बंगाल पुलिस ने सीतारामडेरा थाना पुलिस की मदद से संयुक्त छापेमारी में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद बंगाल पुलिस टीम दोनों को लेकर कोलकाता रवाना हो गई, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले, बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट और बरानगर थाना टीम ने 48 घंटे के भीतर दो अन्य आरोपियों — संजय माइती (हुगली निवासी) और सुरजीत सिकदर (नारकेलडांगा निवासी) — को गिरफ्तार किया था। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने बताया था कि लूट का एक हिस्सा जमशेदपुर भेजा गया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने सीतारामडेरा इलाके में छापेमारी कर दो अन्य अपराधियों को पकड़ा।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सोने की खेप पर नजर रखे हुए था। आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े ग्राहक बनकर दुकान में घुसे बदमाशों ने पहले शंकर जाना की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंका, फिर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए, और हाथ-पैर बांधकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद 15 किलो सोना लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब तक बरामद सोने की मात्रा का मिलान कर रही है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच टीम का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: चिटफंड के नाम पर महिलाओं से ठगी, 20 लाख लेकर प्यारी देवी गायब