रांची: झारखंड में अब मानसून अपने आखिरी पड़ाव पर है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य से मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) रांची केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 12 से 14 अक्टूबर के बीच झारखंड से मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना
मानसून विदाई से पहले राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़ और सिमडेगा जैसे इलाकों में बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गरज और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
अक्टूबर में लगभग दोगुनी बारिश
अक्टूबर महीने में झारखंड में अब तक सामान्य से 99 प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने अब तक 66.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि औसतन यह आंकड़ा 33.3 मिमी रहता है। यानी इस बार अक्टूबर की शुरुआत बारिश से भरी रही है।
पूरे मानसून सीजन की बात करें तो झारखंड में कुल 1184.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य 1188.4 मिमी के लगभग बराबर है। इस साल की बारिश को सामान्य श्रेणी में रखा गया है।
सबसे ज्यादा वर्षा सिमडेगा जिले में हुई, जहां सामान्य से 58 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई।
वहीं, देवघर और दुमका में सबसे कम वर्षा हुई है।
तापमान सामान्य, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक
राजधानी रांची में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान सामान्य से थोड़ा कम और सुहावना है। राज्य में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ (34.8 डिग्री) में दर्ज किया गया। कई इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है और हवाओं में नमी भी बढ़ी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद दिन में गर्मी थोड़ी बढ़ेगी, लेकिन रातें ठंडी होंगी।
आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।