खड़गपुर: स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे, खड़गपुर मंडल ने बृहस्पतिवार को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान अभियान का आयोजन किया। इस पहल का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडे ने किया।
अभियान में स्टेशन मास्टर, बुकिंग क्लर्क, टिकट परीक्षक, आरपीएफ कर्मी, ट्रैक मेंटेनर, गैंगमैन और सफाई कर्मचारी समेत मंडल के सभी स्टेशन कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। इसके अलावा स्थानीय नागरिक और गैर सरकारी संगठन भी इस पहल में शामिल हुए।
खड़गपुर के गोल बाजार में मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) देबजीत दास, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) मनीषा गोयल और अन्य अधिकारियों ने बाजार के आसपास के क्षेत्रों, पहुंच मार्गों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया।
संतारागाछी, शालीमार, मेचेदा, पंसकुडा, तामलुक, झारग्राम, बालेश्वर, बारीपदा और बंगरीपोसी जैसे स्टेशनों पर भी कचरे का पृथक्करण, एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक को कम करना और जागरूकता अभियान चलाने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि स्वच्छता एक सामूहिक ज़िम्मेदारी है और रेलवे कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों और संगठनों को स्वच्छ और स्वस्थ भारत के लिए एक घंटा समर्पित करने के राष्ट्रीय आह्वान के अनुरूप है।
इसे भी पढ़ें :
Jharkhand: झारखंड में 10 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, पुलिस और CRPF के सामने डाले हथियार