गुवा: गुवा बाजार स्थित यूनियन कार्यालय में झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महामंत्री हेमराज सोनार ने की। बैठक में यूनियन के पदाधिकारी और अन्य सदस्य शामिल हुए, जिन्होंने विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए।
बैठक में चर्चा की गई कि सेल में हर साल बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे स्थानीय कर्मचारियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। यूनियन ने सरकार और संबंधित प्रबंधन से आग्रह किया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए बहाली प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए।
यूनियन ने यह भी बताया कि सेल द्वारा संचालित अस्पतालों की चिकित्सा सुविधाएँ अत्यंत कमजोर हो गई हैं, जिससे छोटी-छोटी बीमारियों का इलाज भी मुश्किल हो रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर हाईटेक बनाया जाए।
सेल द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। यूनियन ने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की सख्त मांग की और इसके लिए सकारात्मक कदम उठाने की अपील की।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इन सभी मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन गुवा आने वाले स्टील सेक्रेटरी संदीप पॉन्ड्रिक को सौंपा जाएगा। अंत में यूनियन ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे नियमित रूप से कार्यालय आएं, ताकि अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सामूहिक चर्चा की जा सके।



















































