जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो लैपटॉप, एक पीठू बैग, 19 हजार रुपये नकद समेत चार मोबाइल फोन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल व स्कूटी बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जुगसलाई थाना कांड संख्या 78/2026, दिनांक 21 सितंबर 2026, धारा 334(1)/303(2) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता सुमित मल्लिक, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता सूरज मल्लिक, निवासी घोड़ा चौक, स्टेशन रोड, जुगसलाई ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया था कि 20 और 21 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी मल्लिक प्लाईवुड दुकान का ग्रील और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में जुगसलाई थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने 24 सितंबर 2026 को कपाली ओपी क्षेत्र से चार आरोपियों—नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान—को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मल्लिक प्लाईवुड दुकान से चोरी किया गया पिंक रंग का पीठू बैग, Lenovo कंपनी का एक काला लैपटॉप, Acer कंपनी का एक सिल्वर रंग का लैपटॉप और चोरी की रकम में से कुल 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल संख्या JH05DB1675 और स्कूटी संख्या JH05EF2314 को भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की निशानदेही से बरामद किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है और बरामद सामान तथा वाहनों के संबंध में भी आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी में ज्वेलरी दुकान में चोरी, वेंटिलेटर काटकर लाखों के आभूषण ले उड़े चोर
There is no ads to display, Please add some


















































