जमशेदपुर: घाटशिला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने बंपर मतदान के बाद मतदाताओं का धन्यवाद किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सभी वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर वोटिंग की। बाबूलाल ने घाटशिला की जनता के प्रति आभार और अभिनंदन व्यक्त किया।
बाबूलाल ने दावा किया कि घाटशिला उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत तय है। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे तक लगभग 74.63 प्रतिशत मतदान हुआ, जो भाजपा की जीत को पक्का करता है। उन्होंने कहा कि जिस सीट को झामुमो सेफ मानकर चल रही थी, वहां झामुमो कार्यकर्ताओं की शुरुआती डराने-धमकाने की कोशिशें असफल रहीं।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि मतगणना 14 नवंबर को होगी और उसका परिणाम चौंकाने वाला होगा। उन्होंने ऑपरेटिव कॉलेज स्थित अपने कैम्प शिविर में ये बातें कही, जहां कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
हेमंत सोरेन द्वारा उन्हें ‘बैल’ कहे जाने के सवाल पर बाबूलाल ने शालीनता से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की सवारी भी बैल है और इसे पूजनीय माना जाता है। सोहराई पर्व में भी गाय और बैल की पूजा की जाती है, क्योंकि खेती के लिए बैल ही जमीन जोतकर उपजाऊ बनाता है।
बाबूलाल ने कहा कि झामुमो पार्टी ने पहले बंजर भूमि बनाई, अब भाजपा इसे जोतकर उपजाऊ बनाने का काम करेगी। उनका दावा है कि इससे घाटशिला की जनता खुशहाल रहेगी और विकास की बयार बह सकेगी। उन्होंने शिबू सोरेन और चंपई सोरेन की तुलना खेत जोतने वाले से की, जिनकी मेहनत का फायदा अब हेमंत सोरेन उठा रहे हैं।