चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गू में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के समय चार युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चांडिल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चिल्गू के पास एक बाइक सवार युवक की मोटरसाइकिल जमशेदपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर दूर तक जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी शेखर गांगुली ने बताया कि मृतक के तीन साथी युवक भी मौके पर थे, लेकिन हादसे के बाद डर के मारे भाग गए और घायल की मदद नहीं की।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रेलर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक युवक की पहचान की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चिल्गू पुलिया पिछले एक साल से बंद होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे हादसे आम हो गए हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।