
जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर कांग्रेस नेता और पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के महासचिव महेंद्र कुमार पांडेय ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने इसे झारखंड ही नहीं, पूरे देश के लिए एक “अपूरणीय क्षति” बताया।
पांडेय ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड के आदिवासी, गरीब, वंचित और शोषित तबके की बुलंद आवाज थे। उनके नेतृत्व और संघर्षों की बदौलत ही झारखंड राज्य का सपना हकीकत बन पाया। उन्होंने अपने जीवन में कभी समझौता नहीं किया और अंतिम समय तक जनहित की लड़ाई में डटे रहे।
महेंद्र पांडेय ने कहा, “गुरूजी के जाने से झारखंड की राजनीति में एक खालीपन आ गया है। वे न केवल एक नेता थे, बल्कि एक विचार थे, एक आंदोलन थे। उनका जाना आंदोलनकारी राजनीति के एक युग का अंत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस दुख की घड़ी में वे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के साथ खड़े हैं।