जमशेदपुर: संविधान दिवस के अवसर पर जमशेदपुर समाहरणालय में मंगलवार को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों ने संविधान निर्माताओं के आदर्शों को याद किया और भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा—”संविधान हमारे लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। इसके मूल्य—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—को हम सभी को अपने कामकाज में उतारना चाहिए। पारदर्शिता, सेवा भाव और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करना हमारा कर्तव्य है।”
इसी क्रम में जिले के अनुमंडल और प्रखंड कार्यालय, विभिन्न विभागीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य था लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण और नागरिक कर्तव्यों के पालन का संदेश देना।
सामूहिक पाठ के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि वे संविधान के आदर्शों का सम्मान करेंगे और अपने काम में न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को कायम रखेंगे।