जमशेदपुर: बुधवार को सीतारामडेरा के भुइयाँडीह श्मशान घाट के पास टाटा स्टील यूआईएसएल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर लगभग दर्जनभर अवैध झोपड़ीनुमा दुकानों को ध्वस्त कर दिया। ये सभी दुकानें लंबे समय से श्मशान घाट की परिधि में अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। इससे सरकारी और लीजधारी भूमि पर कब्जा बढ़ रहा था और अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को असुविधा हो रही थी।

अभियान की शुरुआत सुबह से ही धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर की गई। कार्रवाई में स्थानीय थाना पुलिस, टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि अवैध दुकानदारों को पहले नोटिस देकर खुद अपने ढांचे हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था। बावजूद इसके कई दुकानदारों ने आदेश का पालन नहीं किया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से सभी अवैध ढांचे मौके पर ही ध्वस्त कर दिए गए। प्रशासन की तैयारी और कड़ी कार्रवाई को देखते हुए दुकानदारों ने कोई विरोध नहीं किया, जिससे अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो सका।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनहित और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान समय-समय पर चलाए जाएंगे।
There is no ads to display, Please add some



















































