जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा लाल बिल्डिंग स्थित भिखारी मैदान के सामने देर रात एक भीषण आग लग गई। हादसा मंगलवार की रात करीब 3 बजे हुआ, जब अचानक दुकानों से धुआं और लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने तीनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वे पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक तीनों दुकानों का लगभग सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
अब तक आग लगने के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को इसकी संभावित वजह बताया जा रहा है। सौभाग्य से इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान जरूर हुआ है।
एक दुकानदार ने बताया, “हमारी पूरी दुकान जलकर खाक हो गई है। अब समझ नहीं आ रहा कि रोजी-रोटी कैसे चलेगी।” स्थानीय लोगों ने भी कहा कि प्रशासन को तुरंत मुआवजा और सहायता देनी चाहिए, ताकि पीड़ित दुकानदार फिर से अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: पारडीह चेकपोस्ट पर जोरदार हंगामा, ट्रैफिक पुलिस से भिड़े मजदूर