रांची: झारखंड में मौसम अब बदलने लगा है। राज्य में अगले दो दिनों तक यानी 11 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 12 अक्टूबर से मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर को राज्य के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके बाद पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 12 अक्टूबर से मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी और 15 से 16 अक्टूबर के बीच मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई नया सिस्टम बनने की संभावना नहीं है। ऐसे में दीपावली और छठ पूजा के दौरान मौसम साफ और अनुकूल रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। रांची का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 20°C के आसपास रहेगा। दीपावली के बाद हल्की ठंड का अहसास शुरू होगा, जबकि नवंबर के पहले सप्ताह से ठंडक धीरे-धीरे बढ़ेगी।
इस महीने झारखंड में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में अब तक 66.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत केवल 38 मिमी रहती है। यानी इस बार लगभग दोगुनी बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 21.8 मिमी बारिश धनबाद के पंचेत में दर्ज की गई। वहीं, गोड्डा में अधिकतम तापमान 34.8°C और लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.8°C रिकॉर्ड किया गया।
रांची में लगातार बारिश से दुर्गा पूजा के दौरान जनजीवन प्रभावित हुआ था, लेकिन अब मौसम साफ होते ही बाजारों में रौनक लौट आई है। दीपावली की तैयारी में लोग घर-दुकानों की सफाई, रंग-रोगन और खरीदारी में जुट गए हैं।
पेंट-पुट्टी और सजावटी सामान की दुकानों में भीड़ बढ़ी है। व्यापारियों के चेहरे पर भी मुस्कान लौट आई है क्योंकि इस बार दीपावली पर बेहतर कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें :
Saraikela: सरायकेला में शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा के लिए प्रशासन का सम्मान करेगा चेंबर ऑफ कॉमर्स