जमशेदपुर: नगर निगम द्वारा भारत की जनगणना 2027 के प्री-टेस्ट के तहत मकानों और भवनों के सूचीकरण एवं गणना की तैयारी में प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की। इसमें नगर निगम के चयनित तीन वार्ड क्षेत्रों में तैनात प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक शामिल हुए।
बैठक में पर्यवेक्षकों ने बताया कि EB (इल्यूमिनेटर ब्लॉक) के अनुसार आवंटित क्षेत्रों में प्रत्येक मकान का जिओ टैगिंग का कार्य जारी है। उप नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि यह कार्य 14 नवंबर तक पूर्ण किया जाए।
प्रगणकों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया कि जिस क्षेत्र में वे गणना कर रहे हैं, वहां पर्यवेक्षक साथ में उपस्थित रहें। सभी मकानों में क्रम संख्या मार्कर से अंकित की जाए और प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों के अनुसार काम किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि EB क्षेत्र में कोई मकान जिओ टैगिंग से छूट न जाए। उप नगर आयुक्त ने जोर देकर कहा कि सभी मकानों का सटीक सूचीकरण और जिओ टैगिंग पूरी तरह से हो।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक निर्मल कुमार, सुजीत कुमार, जितेंद्र सोरेन, संजय कुमार, विकास कुमार, रोहित एक्का, राजू टुडू, उत्तम कुमार, गुलाम सरवर अंसारी सहित जनगणना कार्य निदेशालय के पदाधिकारी दिलीप कुमार और सकलदेव उपस्थित रहे।