कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले से गुरु-शिष्य संबंध को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मरकच्चो प्रखंड के दरदाही स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय योगिडीह में कक्षा 7 की छात्रा ने अपने कंप्यूटर शिक्षक पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक घटना 16 सितंबर की है। उस दिन शिक्षक ने कथित रूप से छात्रा से छेड़छाड़ की थी। डरी-सहमी छात्रा चुप रही, लेकिन सोमवार को पिता के घर लौटने पर उसने पूरी आपबीती सुनाई। अगले दिन पिता बेटी को लेकर सीधे स्कूल पहुंचे।
जैसे ही घटना की खबर फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया। मरकच्चो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।
पीड़िता के परिजनों ने थाना में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है और छात्रा का बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
घटना से इलाके में आक्रोश है। अभिभावकों ने कहा कि जब शिक्षक ही इस तरह की हरकत करेंगे तो बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। ग्रामीणों और परिजनों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur: RPF ने बचाई मासूमों की जान, चाइल्डलाइन को सौंपा