जमशेदपुर: नुवोको सीमेंट कंपनी के रवैये से नाराज भाजपा गोविंदपुर मंडल ने रविवार को यशोदा नगर बस्ती में एक अहम बैठक की। बैठक में बस्तीवासियों ने कंपनी पर CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व) के तहत विकास कार्य न करने और लगातार उपेक्षा बरतने का आरोप लगाया।
लोगों ने बताया कि कंपनी न तो मच्छरनाशी दवा का छिड़काव कर रही है और न ही ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध करा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और समानता जैसे क्षेत्रों में भी कोई पहल नहीं हो रही। बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि कंपनी की वजह से फैली सीमेंटयुक्त धूल और नाले में छोड़े जा रहे जहरीले पानी से लोग बीमार हो रहे हैं। जलजमाव और मच्छरों के प्रकोप से स्थिति और गंभीर हो गई है।
बैठक में मौजूद भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने तुरंत CSR गतिविधियां शुरू नहीं कीं तो पार्टी आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ी तो कंपनी का गेट जाम किया जाएगा। जिला महामंत्री संजीव सिंह ने कहा कि बस्ती में विकास की भारी कमी है और कंपनी को जल्द ही ठोस कदम उठाने होंगे। मंडल अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि यह बैठक कंपनी को चेतावनी देने के लिए है। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो पहले मशाल जुलूस और फिर गेट जाम किया जाएगा। भाजपा नेता कमलेश सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी जानबूझकर बस्तीवासियों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है, अब जनता को अपनी ताकत दिखानी होगी।
बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कंपनी से जवाबदेही तय करने की मांग की और कहा कि अगर लापरवाही जारी रही तो वे कंपनी का गेट अनिश्चितकालीन जाम करने में भाजपा का साथ देंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: JDU ने सुनी जनता की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
There is no ads to display, Please add some


















































