जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र के तुरी के पास बुधवार रात हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राजू मुंडा के रूप में हुई है, जो पोटका के गुड़ाबांधा गांव का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, राजू मुंडा हाता स्थित किरण ट्रांसपोर्ट में काम करता था। बुधवार की रात वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा था। इसी दौरान तुरी के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पोटका थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजू को पोटका अस्पताल ले गई, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।
एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को राजू की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक विवाहित था। परिजनों के अनुसार, वह मेहनती और परिवार का मुख्य सहारा था।