नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और श्रीलंका क्रिकेट (SLC) की मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के फाइनल को यादगार बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। महाराष्ट्र के डीवाई पाटिल स्टेडियम में स्टेडियम में मशहूर गायिका सुनिधि चौहान अपने गीतों से माहौल को रोमांचक बनाएंगी। पारी समाप्ति के बाद शानदार लाइट-शो, लेजर इफेक्ट्स, ड्रोन शो और 350 कलाकारों के प्रदर्शन से पूरा मैदान जगमगा उठेगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका — दोनों को पहली ट्रॉफी का इंतजार
भारतीय टीम तीसरी बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन अब तक खिताब जीत नहीं पाई। 2005 में ऑस्ट्रेलिया और 2017 में इंग्लैंड ने उसका सपना तोड़ा था।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका महिला टीम पहली बार फाइनल में उतरेगी। इस बार यह भी खास है कि 52 साल के इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों फाइनल से बाहर हैं। अब तय है कि क्रिकेट जगत को नया महिला विश्व चैंपियन मिलेगा।
भारत की उम्मीदें – इन खिलाड़ियों पर नजर
हरमनप्रीत कौर: कप्तान ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80+ रन की पारी खेली थी। अब तक टूर्नामेंट में 240 रन बना चुकी हैं।
स्मृति मंधाना: 8 मैचों में 389 रन, जिनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
जेमिमा रोड्रिग्स: 7 मैचों में 268 रन, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद शतक शामिल।
दीप्ति शर्मा: 8 मैचों में 17 विकेट लेकर टूर्नामेंट की संयुक्त टॉप गेंदबाज हैं।
दक्षिण अफ्रीका की ताकत – ये खिलाड़ी बन सकती हैं चुनौती
लौरा वोलवार्ड्ट: कप्तान ने 8 मैचों में सबसे ज्यादा 470 रन बनाए हैं, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 169 रन शामिल हैं।
मारिजन कप: 12 विकेट और 3.83 की इकोनॉमी, सेमीफाइनल में 5 विकेट झटके।
एन म्लाबा: स्पिन से 12 विकेट लेकर विरोधियों को परेशान किया।
नादिन डी क्लार्क: 190 रन और 8 विकेट के साथ बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन।
मुकाबले का समय और रोमांच
फाइनल मुकाबला दोपहर 3 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 बजे होगा। डीवाई पाटिल स्टेडियम में दर्शकों को ना सिर्फ क्रिकेट का रोमांच बल्कि एक भव्य समापन समारोह भी देखने को मिलेगा। सारी निगाहें अब इस पर टिकी हैं कि आज इतिहास कौन रचता है — भारत या दक्षिण अफ्रीका?















































