खड़गपुर : ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) 2026’ अभियान के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कार्यालयों और अन्य परिसरों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी और यात्रियों व रेलकर्मियों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडल के सभी स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई मशीनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता तथा उनकी कार्यक्षमता की समीक्षा की गई। सफाई कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य के लिए आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराने और उनके इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।
स्टेशनों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था को मजबूत किया गया। यात्रियों और स्टेशन उपयोगकर्ताओं से कूड़ेदान का सही इस्तेमाल करने तथा परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की गई। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्मों पर विशेष प्लास्टिक मुक्त अभियान भी चलाया गया।
‘स्वच्छ रेलगाड़ी’ पहल के तहत अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की टीम ने कई ट्रेनों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कोच के अंदर-बाहर की सफाई, शौचालय, लिनेन की गुणवत्ता तथा पैंट्री कारों की स्वच्छता की जांच की गई। ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) वाली ट्रेनों पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्टेशनों के नालों और शौचालयों की सफाई के साथ विभिन्न स्थानों पर लगे सौर ऊर्जा संचालित उपकरणों की कार्यक्षमता भी जांची गई। रेलवे कार्यालयों में क्लीन-डेस्क, न्यूनतम प्रिंट और डिजिटल दस्तावेजीकरण को बढ़ावा दिया गया। अभियान में रेलकर्मियों, सफाई कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्कूली विद्यार्थियों समेत विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : विवेक एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला का पैर फिसला, ट्रेन के साथ घिसटती महिला को आरपीएप जवान ने सुरक्षित बचाया
There is no ads to display, Please add some


















































