गम्हरियाः हाल ही में सोशल मीडिया पर सरायकेला-खरसावां झारखण्ड मुक्ति मोर्चा जिला कमिटी में दरार होने की प्रकाशित खबरों का जिला झामुमो ने खंडन किया है. गुरुवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेन्दु महतो ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग विपक्षियों के इशारे पर झामुमो परिवार की एकता और अखंडता में दरार पैदा करने के उद्देश्य से भ्रम फैला रहे हैं. लगातार दूसरी बार जनता के द्वारा नकार दिए जाने के बाद षड्यंत्रकारी विपक्ष बौखला गया है और सोशल मीडिया पर ऊटपटांग बातें फैलाकर खुद को तसल्ली देने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी मंशा कभी भी कामयाब नहीं होगी. झारखण्ड मुक्ति मोर्चा एक परिवार के रूप संघर्ष करते हुए यहां के आदिवासियों और मूलवासियों को एक सूत्र में पिरोकर दिनों-दिन झारखण्ड को तेजी से विकास के पथ पर ले जा रहा है.
इसे भी पढ़ेः Adityapur : मणिपुर के आईएनएस संग्रहालय में 15 को सम्मानित होंगे सुभाष चंद्र बोस मंच के पीके नंदी
इससे विरोधियों का हाजमा ख़राब होना लाजिमी है. उन्होंने विरोधियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि विगत दो टर्म के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में झामुमो की एकजुटता एवं धमाकेदार प्रदर्शन की वजह से पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए जिला संयोजक मंडली का प्रमुख संयोजक बनाया है. यह उनका सौभाग्य है कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया. इससे हाल के दिनों में चंद विरोधियों का पैदा होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है. राजनीति में ऐसा होता रहता है. बाक़ी जिले सहित पूरे प्रदेश के आदिवासी और मूलवासी अपना विश्वास झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के प्रति बनाए हुए हैं और इस एकजुटता में कोई खलल डालने की हिमाकत नहीं कर सकता. झामुमो राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है.