श्रीकाकुलम: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
एकादशी के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि करीब 11:30 बजे मंदिर के प्रवेश द्वार पर अचानक भीड़ बढ़ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
काशीबुग्गा सब-डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि भगदड़ में सात लोगों की मौत हुई है और दो अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है, और पुलिस यह जांच कर रही है कि भीड़ प्रबंधन में कहां चूक हुई।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे घायलों को हर संभव सहायता और तत्काल उपचार उपलब्ध कराएं।”
मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू मौके पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन से पूरी जानकारी ली।
प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। घायलों का इलाज श्रीकाकुलम जिला अस्पताल और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: नशे में धुत युवक ने दुकान में मचाया हंगामा, 6 हजार रुपये लेकर फरार














































