जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल बिष्टुपुर थाना पहुंचा और भाजपा प्रवक्ता प्रिंटू महादेव के बयान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। भाजपा प्रवक्ता ने टीवी चैनल के डिबेट में राहुल गांधी के सीने में गोली मारने की बात कहकर देश में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा किया था।
जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता का बयान गंभीर और सनसनीखेज है। उन्होंने बताया कि इस तरह के बयान से राहुल गांधी की जान पर खतरा बढ़ गया है और लोकतंत्र में ऐसी बातें कतई स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में भाजपा संगठन भी दोषी माना जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए कहा कि मलयालम चैनल के डिबेट के दौरान प्रिंटू महादेव ने सार्वजनिक रूप से यह बयान दिया कि “राहुल गांधी के सीने में गोली मारी जाएगी।” आवेदन में यह भी लिखा गया कि इस प्रकार के बयान देश के कानून, संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन हैं। आवेदन में प्रार्थना की गई कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
एफआईआर दर्ज कराने के समय जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, अवधेश सिंह, योगेन्द्र सिंह यादव, ब्रजेन्द्र तिवारी, शफीअहमद खान, रजनीश सिंह, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, बिजेन्द्र पाण्डेय, अधिवक्ता नलिनी सिन्हा, अधिवक्ता रंजीत राम और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।
कांग्रेस ने कहा कि इस तरह के बयान से न केवल नेता की सुरक्षा प्रभावित होती है बल्कि देश में विरोधाभासी और उग्र राजनीतिक माहौल बनता है। पार्टी ने पुलिस और प्रशासन से अनुरोध किया है कि आरोपी प्रवक्ता पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसे भी पढ़ें :


















































