जमशेदपुर: सांसद बिद्युत बरण महतो को वर्ष 2024 के लिए संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार उन्हें चौथी बार मिला है. नई दिल्ली स्थित केजी मार्ग के न्यू महाराष्ट्र सदन में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सांसद महतो को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
संसद रत्न पुरस्कार चयन समिति ने हाल ही में वर्ष 2024 के लिए नामित सांसदों की घोषणा की थी. इनका चयन सांसदों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति ने किया. इस समिति में कई प्रतिष्ठित सांसद और सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति शामिल थे. बिद्युत महतो को ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया.
सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने सभी चयनित सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि संसदीय प्रक्रिया और मर्यादा को सशक्त करने में इन जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है.
सांसद बिद्युत महतो ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा, “यह मेरे लिए गौरव और अनुभूति का क्षण है. यह सम्मान मुझे और अधिक जिम्मेदार बनाता है और लोकसभा में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी रूप से उठाने की प्रेरणा देता है.”
महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्षेत्र की जनता उनके प्रेरणा स्रोत हैं. “मैं जनता से मिले फीडबैक को ही संसद में उनकी आवाज़ के रूप में प्रस्तुत करता हूं. मैं पुरस्कार की अपेक्षा से नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहता हूं.”
उन्होंने कहा, “यह सम्मान पूरे जमशेदपुर लोकसभा के देवतुल्य मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व का है, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया. मैं यह सम्मान जमशेदपुर की जनता को समर्पित करता हूं.”
इसे भी पढ़ें : Ranchi : मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने 131 छात्राओं को प्रदान किया उन्नति का पहिया, अबुआ आवास योजना के लाभुकों का कराया गृह प्रवेश
There is no ads to display, Please add some


















































