जमशेदपुर: अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला के सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से मतदान केन्द्रों का रेशनलाइजेशन (पुनर्गठन), त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण और उससे जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों का निर्धारण करते समय दूरी, भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, मतदाताओं की सुविधा, भवन की उपलब्धता, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाता है।
उन्होंने सभी एईआरओ को निर्देश दिया कि संभावित विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदान केन्द्रों की बुनियादी सुविधाओं का ऑडिट करें और मतदान कर्मियों एवं अर्धसैनिक बलों के आवासन संबंधी प्रावधानों पर भी विशेष ध्यान दें।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ईआरओ और एईआरओ को निर्देशित किया कि सूची निर्माण में पूर्ण सावधानी बरतें।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में प्रशासन का सहयोग करें, नए योग्य मतदाताओं का नाम जुड़वाएं तथा मृतक या स्थानांतरित व्यक्तियों का नाम विलोपित करने में मदद करें।
बैठक के बाद उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय परिसर में बीएलओ द्वारा किए जा रहे जिओ-फेंसिंग कार्य का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बाद में उन्होंने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया। सभी दलों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में ईआरओ/एईआरओ तथा निर्वाचन शाखा के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: उपायुक्त ने किया कृषक पाठशाला एवं नोटबुक निर्माण केन्द्र का निरीक्षण
There is no ads to display, Please add some


















































