जमशेदपुर: जमशेदपुर प्रखंड के हितकू ग्राम पंचायत में आयोजित आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ शिविर में गरीब परिवारों के लिए खुशियों भरा दिन था। इस मौके पर अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास-ग्रामीण और जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश किया गया।
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू और पंचायत जनप्रतिनिधियों ने 15 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए घर की चाबी सौंपकर उनका गृह प्रवेश कराया। इस अवसर पर लाभुकों ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों को धन्यवाद देते हुए खुशी जताई।
हितकू ग्राम पंचायत के अलावा प्रखंड की अन्य ग्राम पंचायतों के कुल 50 लाभुकों को भी अपने नए आवास में आज गृह प्रवेश का अवसर मिला। लाभुकों ने बताया कि यह योजना उनके लिए आशा और सुरक्षा का प्रतीक बन गई है, जिससे उनके परिवारों के लिए स्थायी आवास सुनिश्चित हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि अबुआ आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण गरीब परिवारों को अपने घर बनाने का अवसर मिल रहा है। यह योजना केवल आवास ही नहीं देती, बल्कि परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक अहम कदम है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस, लिव-इन व्यवस्था पर उठा सवाल