जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के नीलडीह ब्रिज के पास रविवार दोपहर नामदा बस्ती निवासी एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। 15 से 20 की संख्या में आए हमलावरों ने युवक पर चापड़, लाठी और डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान चिराग सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार चिराग सिंह चेचिस (वाहन चेसिस) चलाने का काम करता है। रविवार को वह एक चेचिस लेकर जाने की तैयारी में था। इसके लिए वह पहले गेस्ट हाउस गया था, जहां से उसने चेचिस से संबंधित कागजात और 25 हजार रुपये नकद लिए थे। बताया जाता है कि वह गेस्ट हाउस से लौटकर अपने घर की ओर जा रहा था, तभी नीलडीह ब्रिज के पास पहले से घात लगाए 15-20 लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
चिराग की बुआ सोनिया ने बताया कि हमलावरों में बस्ती के ही देवा, राजू, गब्बर और जसप्रति समेत अन्य लोग शामिल थे। सभी ने मिलकर चिराग पर चापड़, लाठी और डंडे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसके पास मौजूद 25 हजार रुपये भी छीन लिए।
सोनिया ने बताया कि शनिवार रात को भी आरोपियों ने चिराग के साथ मारपीट की थी, लेकिन उस समय परिवार की ओर से थाने में शिकायत नहीं की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद को लेकर रविवार को दोबारा हमला किया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।













































