बोकारोः उपायुक्त विजया जाधव ने शनिवार को आगामी फरवरी माह में होने वाले मैट्रिक – इंटर परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र चयन समिति की बैठक की.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने समिति को बताया कि इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 25,910 छात्र शामिल होंगे. जिसके लिए 63 परीक्षा केंद्रों को चिन्हित किया गया है. वहीं, इंटर परीक्षा (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) में कुल 23,436 छात्र शामिल होंगे. जिसके लिए 44 परीक्षा केंद्रों को चिन्हित किया गया है. उन्होंने प्रखंडवार चिन्हित परीक्षा केंद्रों, शामिल होने वाले विद्यालयों के छात्रों, उनकी संख्या से समिति सदस्यों को अवगत कराया.
इसे भी पढ़ेः जमशेदपुर एफसी ने 2-1 से बेंगलुरु एफसी को हराया
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को लेकर झारखंड अद्यिविद्य परिषद (जैक) द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करना है. इसमें किसी तरह की कोई चूक नहीं हो. बैठक में डुमरी विधायक प्रतिनिधि ने नावाडीह प्रखंड के उपरघाट के छात्रों के परीक्षा केंद्र की दूरी अत्याधिक होने की बात कहीं. वहीं सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक बेरमो प्रतिनिधि ने भी अपनी बात रखी, जिस पर उपायुक्त ने डीईओ को आवश्यक निर्देश दिया.
उपायुक्त ने मैट्रिक एवं इंटर के परीक्षा केंद्रों की सूची को विभिन्न दैनिक अखबारों में प्रकाशित करने, संबंधित विद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने का निर्देश दिया.
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि गिरिडीह, विधायक प्रतिनिधि चंदनकियारी, विधायक प्रतिनिधि डुमरी, विधायक प्रतिनिधि बेरमो, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.