जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 6 गंभीर मरीजों की मौत हो गई, जबकि बाकी को सुरक्षित निकाल लिया गया। दमकल विभाग और अस्पताल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
![]()
ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज डॉक्टर अनुराग धाकड़ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी लगती है। आईसीयू में भर्ती ज्यादातर मरीज पहले से गंभीर हालत में थे और कुछ कोमा में थे। आग लगते ही मरीजों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। धुएं में मौजूद जहरीली गैसों के कारण मरीजों की हालत और बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उन्हें निचले फ्लोर के आईसीयू में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन 6 मरीजों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर रात अस्पताल पहुंचे। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री जवाहर सिंह बेधम भी मौजूद थे। सीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी। मंत्री बेधम ने कहा कि यह बेहद दुखद हादसा है। 24 में से ज्यादातर मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और सरकार घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी ले रही है।
![]()
अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है। घटना के बाद पूरे अस्पताल में सुरक्षा और फायर सिस्टम की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
जयपुर पुलिस आयुक्त बिजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट लग रही है, हालांकि अंतिम रिपोर्ट फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही आएगी। उन्होंने बताया कि मृतकों के शव मॉर्चरी में रखे गए हैं और पोस्टमॉर्टम की तैयारी चल रही है। अन्य मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर इलाज जारी है।