जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी स्थित आंध्र मध्य विद्यालय और क्रिश्चियन क्लब मध्य विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की जानकारी देने के उद्देश्य से एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को आग जैसी आपात स्थिति में सजग, सतर्क और सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना था।
ड्रिल के दौरान बच्चों को यह बताया गया कि आग लगने की स्थिति में कैसे शांत रहकर सुरक्षित बाहर निकलना चाहिए, कैसे “ड्रॉप, रोल एंड कवर” तकनीक का प्रयोग कर खुद को बचाया जा सकता है और आग बुझाने वाले यंत्रों का सही उपयोग कैसे किया जाता है। इस अभ्यास में विद्यार्थियों ने न केवल गंभीरता से भाग लिया बल्कि पूरे उत्साह से सक्रिय भागीदारी भी दिखाई।
अग्निशमन विभाग के प्रशिक्षकों ने मौके पर आग लगने की स्थिति में व्यवहारिक उपायों का सजीव प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि किस तरह सुरक्षित निकासी मार्ग की पहचान करनी चाहिए और आग बुझाने वाले उपकरणों को कैसे प्रयोग में लाना है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल बच्चों को सुरक्षा के प्रति सजग बनाया जा सका, बल्कि यह अभ्यास भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए उपयोगी साबित होगा। साथ ही स्कूल प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों में सहयोग का संकल्प दोहराया।
इसे भी पढ़ें : Bollywood: फिल्मों के साथ-साथ सरकारी सैलरी ले रहे हैं बॉलीवुड के ये स्टार्स, इनमे से एक तो है माँ-बेटे




















































