चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू रोड स्थित बीएसएनएल ऑफिस के सामने गुरुवार रात एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नीमडीह निवासी व्यंजन रूही दास, जो चांडिल हटिया में छाता रिपेयरिंग का काम करते हैं, साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बीएसएनएल ऑफिस के सामने मोड़ पहुंचे, एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दास साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और सिर व शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है और इलाज जारी है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि सड़क पर यातायात नियंत्रण बढ़ाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।




















































